अपराध
28 Apr, 2026

वीरपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, पति समेत ससुराल पक्ष फरार

वीरपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद पति समेत ससुराल पक्ष फरार हो गया, पुलिस जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

सुपौल, 28 अप्रैल

वीरपुर थाना क्षेत्र के हृदयनगर वार्ड संख्या 03 में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 30 वर्षीय बुच्ची देवी का शव मिलने के बाद मामला अचानक गंभीर हो गया और ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया गया।

मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच शुरू कर दी है।

मृतका के भाई ललन कुमार कुशियेत ने इसे हत्या का मामला बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2021 में बुच्ची देवी की शादी हृदयनगर निवासी सुजीत कुमार खरगा से हुई थी, लेकिन वैवाहिक जीवन शुरू से ही तनावपूर्ण रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पति का अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध था, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता था और कई बार पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन स्थिति नहीं सुधरी।

परिजनों का कहना है कि सूचना मिलने पर जब वे ससुराल पहुंचे तो शव घर के अंदर बिस्तर पर पड़ा मिला। उन्होंने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी बताया कि घटना के बाद आरोपी पति अपनी भाभी के साथ फरार हो गया और अन्य परिजन भी मौके से गायब हो गए।

मृतका का मायका छातापुर प्रखंड के लालगंज तिलाठी वार्ड 15 में है, जहां घटना की जानकारी मिलते ही कोहराम मच गया। ग्रामीणों के अनुसार, पहले भी इस संबंध को लेकर विवाद होते रहे हैं और हाल ही में पंचायत में समझौते की कोशिश भी हुई थी, लेकिन स्थिति नहीं बदली।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फॉरेंसिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़