नई दिल्ली, 08 जून ।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय 9 जून से देशभर में विशेष कार्यक्रमों और जागरूकता अभियानों की शुरुआत करने जा रहा है।
इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा राष्ट्रीय स्तर के उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में भी व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मंत्रालय के अनुसार, “पीएमएसएमए के 10 साल-देखभाल के एक दशक” थीम के तहत चलने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों को अभियान के अंतर्गत मिलने वाली नौ निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देना तथा समय पर प्रसवपूर्व जांच के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान 75 रुपये का स्मारक सिक्का और 5 रुपये का विशेष डाक टिकट भी जारी किया जाएगा, जो सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने में इस योजना के एक दशक के योगदान को दर्शाएगा।
गौरतलब है कि इस अभियान की शुरुआत 9 जून 2016 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गई थी, जिसके तहत हर महीने की 9 तारीख को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क प्रसवपूर्व जांच सेवाएं प्रदान की जाती हैं।
पिछले दस वर्षों में यह अभियान मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है, जिससे जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।














