देवरिया, 08 जून।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में अंधविश्वास का एक घिनौना चेहरा सामने आया है। बनकटा थाना क्षेत्र के जगनचक गांव में झाड़-फूंक के नाम पर एक ओझा द्वारा विवाहिता के साथ दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
पीड़िता का पति अपने बीमार बेटे का इलाज कराने और झाड़-फूंक के सिलसिले में ओझा व्यासमुनी के पास पहुंचा था। आरोप है कि बच्चे को ठीक करने का लालच देकर ओझा ने महिला को अपने जाल में फंसा लिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता के पति ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बनकटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित ओझा को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
भाटपाररानी के क्षेत्राधिकारी अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर ही आरोपित के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है।
इस अंधविश्वास ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं। इस घटना ने एक बार फिर से ढोंगी बाबाओं और झाड़-फूंक के नाम पर होने वाले अपराधों की ओर ध्यान आकर्षित किया है। प्रशासन ने लोगों से ऐसे ठगों से सावधान रहने की अपील की है।













