मसीस, 08 जून।
फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में आज सुबह 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। इस भीषण आपदा में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ ज्वालामुखी विज्ञान और भूकंप विज्ञान के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र मासीस शहर के तट से 32 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम में था। इसकी गहराई 33 किलोमीटर मापी गई है। झटकों का असर मिंडानाओ द्वीप और जनरल सैंटोस शहर तक महसूस किया गया।
इस भूकंप के बाद सुनामी का खतरा भी पैदा हो गया है। इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी और उत्तरी मालुकु प्रांतों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने फिलीपींस और मलेशिया के तटीय इलाकों में ऊंची लहरों की चेतावनी जारी की है।
फिलीपींस 'पैसिफिक रिंग ऑफ फायर' पर स्थित होने के कारण आपदा के लिहाज से दुनिया के सबसे संवेदनशील देशों में गिना जाता है। यहां अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट जैसी घटनाएं होती रहती हैं।
जापान की मौसम एजेंसी ने भी सतर्कता बरतते हुए इबाराकी प्रान्त से ओकिनावा तक के तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह दी है। स्थानीय अधिकारी अभी भी नुकसान के सही आकलन में जुटे हैं।















