उरई, 08 जून।
जालौन में सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर उग्र प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने बढ़ती महंगाई, नीट पेपर लीक प्रकरण, बिजली दरों में अनुचित वृद्धि, बेरोजगारी और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा न मिलने जैसे गंभीर सवालों पर सरकार को घेरा। जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने कहा कि जालौन एक कृषि प्रधान जनपद है, जहां की 90 प्रतिशत आबादी खेती पर निर्भर है। उन्होंने दावा किया कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बेतहाशा बढ़ते दामों ने आम जनता और किसानों की कमर तोड़ दी है।
सपा नेताओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही, बिजली विभाग की अघोषित कटौती और बढ़ती दरों को लेकर भी कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। ज्ञापन में विशेष रूप से हालिया ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों के उचित मुआवजे की मांग की गई है। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन जनसमस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।















