अयोध्या, 08 जून।
उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने रविवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो लाख रुपये के इनामी बदमाश भानू प्रताप सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया है। यह कार्रवाई अयोध्या जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में अंजाम दी गई।
एसटीएफ की प्रयागराज यूनिट को सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी भानू किसी बड़ी वारदात की फिराक में इलाके में घूम रहा है। अहमदपुर घाट तिराहे के पास घेराबंदी किए जाने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ के जवानों ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें भानू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान दो एसटीएफ कर्मी भी घायल हुए हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि मारा गया अपराधी मूल रूप से गोरखपुर के बेलघाट का रहने वाला था। भानू के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न जिलों में हत्या और डकैती जैसे 40 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे।
लंबे समय से यह अपराधी पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उस पर शासन द्वारा दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। एसटीएफ की इस बड़ी कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।













