नई दिल्ली, 08 जून।
विपक्षी दलों के इंडी गठबंधन को एक और बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी अब इस गठबंधन का हिस्सा नहीं है।
संजय सिंह ने सोमवार को स्पष्ट किया कि आज होने वाली विपक्षी दलों की अहम बैठक में आम आदमी पार्टी शामिल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की स्थिति पहले से ही साफ है, इसलिए बैठक में जाने का कोई औचित्य नहीं है।
इस बयान के साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में कांग्रेस और डीएमके के बीच रिश्तों में खटास आ गई है। इसका मुख्य कारण अभिनेता विजय की पार्टी 'तमिलगा वेट्री कजगम' को कांग्रेस द्वारा समर्थन देना है।
संजय सिंह का आरोप है कि कांग्रेस ने डीएमके को भरोसे में लिए बिना यह कदम उठाया, जिससे गठबंधन के भीतर का आपसी तनाव खुलकर सामने आ गया है।
बता दें कि आज कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में विपक्षी दलों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें करीब 23 दलों के शामिल होने की उम्मीद थी। आप के इस फैसले ने विपक्षी एकता की कोशिशों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।















