सिरहा, 08 जून।
नेपाल के सिरहा जिले में परीक्षा के दौरान जब्त किए गए करीब 500 मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच को प्रशासन द्वारा पानी में डुबोकर नष्ट करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस कार्रवाई के विरोध में संयुक्त छात्र संगठनों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने कैंपस से जिला प्रशासन कार्यालय तक रैली निकाली और अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि निजी संपत्ति को नष्ट करना संविधान प्रदत्त अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने प्रशासन से नष्ट किए गए उपकरणों का उचित मुआवजा देने, पीड़ित छात्रों को न्याय दिलाने और इस दमनकारी नीति को तत्काल रोकने की मांग की है। छात्रों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया।
छात्र संगठनों ने स्पष्ट किया कि वे नकल या किसी भी प्रकार की अनियमितता का समर्थन नहीं करते, लेकिन कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने कहा कि नकल रोकने के लिए कानून सम्मत प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए, न कि छात्रों की कीमती संपत्ति को इस तरह बर्बाद किया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन ने मार्च में आयोजित दसवीं और 12वीं की परीक्षा के दौरान ये उपकरण जब्त किए थे। इनमें आईफोन समेत महंगे एंड्रॉयड फोन और स्मार्ट वॉच शामिल थीं, जिनकी कुल कीमत एक करोड़ नेपाली रुपये से अधिक बताई जा रही है। प्रशासन का तर्क है कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना जरूरी था, लेकिन इस निर्णय पर अब चौतरफा सवाल उठ रहे हैं।














