आर.एस. पुरा, 08 जून।
सीमावर्ती इलाकों में नशे के बढ़ते जाल को तोड़ने के लिए शिवसेना हिंदुस्तान ने आर.एस. पुरा के चक शेरा गांव में एक विशेष नशा विरोधी जागरूकता बैठक का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष राजेश केसरी ने की।
इस बैठक में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में शिरकत की। राजेश केसरी ने कहा कि सीमा पार से हेरोइन जैसे घातक मादक पदार्थों की तस्करी युवाओं को बर्बाद करने की एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने इसे राष्ट्र के लिए एक बड़ा खतरा करार दिया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने अपील की कि वे अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखें। यदि उन्हें नशा तस्करी से जुड़ा कोई व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस, सरपंच या स्थानीय प्रशासन तक पहुँचाएं।
युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालने का आह्वान करते हुए केसरी ने कहा कि वे अपना ध्यान शिक्षा, खेलों और रोजगार पर केंद्रित करें। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही नशे को जड़ से मिटा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज के संकल्प को दोहराया। ग्रामीणों ने प्रण लिया कि वे समाज से नशाखोरी के इस कलंक को मिटाने के लिए प्रशासन और पुलिस का पूर्ण सहयोग करेंगे।













