कन्नौज, 08 जून।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक बेहद शर्मनाक और क्रूर घटना सामने आई है। सकरावा थाना क्षेत्र के देवपुर गांव में घर के बाहर सो रहे एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। सुबह जब उनका शव खून से लथपथ मिला, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
मृतक श्रीकृष्ण बाथम रात में अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। सुबह उनके पौत्र रजनीश ने जब बाबा को मृत देखा, तो उसके चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में हत्या का शक मृतक के ही शराबी बेटे अशोक पर गहरा गया है। बताया जा रहा है कि अशोक पिता की चार बीघा खेती की जमीन अपने नाम करवाना चाहता था, जिसे लेकर आए दिन विवाद होता था। पिता द्वारा जमीन देने से मना करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पौत्र रजनीश ने पुलिस को बताया कि उसके पिता शराब के नशे में अक्सर गाली-गलौज करते थे। रविवार रात को भी उन्होंने विवाद किया था, जिसे ग्रामीणों ने शांत कराकर लौटा दिया था। इसके बाद वह दोबारा कुल्हाड़ी लेकर आए और सो रहे बुजुर्ग की हत्या कर दी।
वर्ष 2012 में एक दुर्घटना के बाद से श्रीकृष्ण चलने-फिरने में अक्षम थे। तब से आरोपी अशोक उनसे अलग रह रहा था, जबकि उसका बेटा रजनीश ही दादा की सेवा करता था। इससे नाराज आरोपी ने जमीन के लालच में पिता की बलि ले ली।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जानकारी दी है कि पौत्र की तहरीर पर आरोपी अशोक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वारदात के बाद से आरोपी बेटा फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।














