अनंतनाग, 08 जून।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले में पुलिस ने आदतन अपराधी औरंगज़ैब भट को पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया है। अरवानी बिजबेहरा निवासी यह अपराधी लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, औरंगज़ैब भट के खिलाफ बिजबेहरा पुलिस स्टेशन में पूर्व से ही कई मुकदमे दर्ज थे। कानूनी कार्रवाइयों के बावजूद उसके नशा तस्करी की गतिविधियों में सुधार नहीं आ रहा था और वह लगातार अपराधों को अंजाम दे रहा था।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की अलग-अलग धाराओं के तहत तीन गंभीर एफआईआर दर्ज हैं। उसकी लगातार आपराधिक संलिप्तता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उसे समाज के लिए खतरा माना और सक्षम प्राधिकारी से उसके खिलाफ हिरासत आदेश प्राप्त किए।
सभी विधिक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद, पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उसे आगे की कड़ी कार्रवाई के लिए जम्मू की कोट भलवाल केंद्रीय जेल में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।













