मुरादाबाद, 08 जून।
मुरादाबाद में पिछले चार दिनों से नागरिक पंजीकरण प्रणाली (सीआरएस पोर्टल) के तकनीकी रूप से ठप होने के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पोर्टल के काम न करने से महानगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह रुक गई है।
जन्म-मृत्यु पंजीकरण की ऑनलाइन व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों में नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों व जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय के माध्यम से सत्यापन होता है, जिसे अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) द्वारा स्वीकृति प्रदान की जाती है। विशेष रूप से 31 दिन से लेकर एक वर्ष तक की आयु के बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, जो ग्राम पंचायत सचिव स्तर से सत्यापित होते हैं, वे भी इस तकनीकी खराबी के चलते लटक गए हैं।
पोर्टल बंद होने के कारण जिलेभर में पंजीकरण कार्य बाधित है, जिससे आवेदकों में चिंता देखी जा रही है। सोमवार को इस स्थिति पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि उन्हें इस समस्या के बारे में पता चला है और वे संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर जल्द ही व्यवस्था को सुचारू कराने का प्रयास करेंगे।















