देहरा, 08 जून।
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी है। इसी क्रम में पुलिस जिला देहरा की टीम ने सोमवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में चरस के साथ रंगे हाथों दबोचा है।
पुलिस थाना देहरा की टीम तलाई कुरु के पास नियमित गश्त पर तैनात थी। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक पर संदेह होने पर उसे जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 279 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निखिल शर्मा (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हमीरपुर जिले की भोरंज तहसील के गांव भलवानी का निवासी है। पुलिस ने नशीला पदार्थ जब्त कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत संबंधित थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि तस्करी के इस नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।














