नोएडा, 08 जून।
नोएडा में शादी का झांसा देकर एक दलित महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। प्रेमी द्वारा शादी करने से साफ इनकार किए जाने के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूरजपुर निवासी 23 वर्षीय पीड़िता के पति का कुछ समय पहले देहांत हो गया था। इसी दौरान प्रियांशु नाम के युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। पीड़िता का आरोप है कि प्रियांशु ने शादी का वादा करके लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया।
मामले की जांच एसीपी तृतीय कार्यालय में चल रही थी। रविवार को जब महिला अपना बयान दर्ज कराने कार्यालय पहुंची, तो वहां आरोपित प्रेमी भी मौजूद था। इसी दौरान महिला ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कही और जहर खाने का दावा किया, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
तत्काल पीड़िता को जिला अस्पताल और बाद में सेक्टर 50 स्थित मेदांता अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। पुलिस उपायुक्त साद मियां खान ने बताया कि हालांकि मेडिकल जांच में अभी तक जहर खाने की पुष्टि नहीं हो पाई है।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रियांशु के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।














