जयपुर, 08 जून।
राजस्थान में मौसम का मिला-जुला रूप देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर पश्चिमी राजस्थान के जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के छह जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि दो जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है।
बीते 24 घंटों में श्रीगंगानगर (44.8°C) और फलोदी (44.4°C) प्रदेश के सबसे गर्म शहर दर्ज किए गए हैं। वहीं, बीकानेर, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, टोंक और प्रतापगढ़ सहित पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ उमस ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। अलवर के टहला क्षेत्र में पेड़ गिरने और बानसूर में मकान का टीन शेड उड़ने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। प्रशासनिक स्तर पर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए पश्चिमी राजस्थान के निवासियों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर बना रह सकता है।














