कठुआ, 08 जून।
जम्मू-कश्मीर को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत कठुआ प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में सोमवार को ब्लॉक नगरी के चक द्राब खान में एक वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उपायुक्त राजेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
उपायुक्त ने कहा कि युवाओं को नशे की जकड़ से मुक्त करने का एकमात्र मंत्र कौशल विकास और शिक्षा है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे मिशन युवा और तेजस्विनी जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं ताकि वे स्वरोजगार के माध्यम से अपना भविष्य संवार सकें।
प्रशासन ने छात्रों के लिए आने वाले समय में करियर काउंसलिंग सत्र शुरू करने की घोषणा की है। जल्द ही गांव में बहु-विभागीय शिविर भी लगेगा, जिसमें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ दिलाई गई। उपायुक्त ने शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के प्रभावशाली लोगों से अपील की कि वे इस अभियान को एक जन-आंदोलन का रूप दें ताकि कठुआ को पूरी तरह नशा मुक्त बनाया जा सके।
इस दौरान कौशल विकास, हस्तशिल्प और हथकरघा सहित विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से समझाया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।














