फिरोजाबाद, 08 जून।
फिरोजाबाद पुलिस और एएनटीएफ आगरा की संयुक्त टीम ने एक बड़े अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। आसाफाबाद चौराहे के पास से पुलिस ने गांजा तस्करी में शामिल गिरोह के पांच सदस्यों को धर दबोचा है। इनके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह उड़ीसा से कम दाम पर गांजा खरीदकर उसे उत्तर प्रदेश के आगरा और आसपास के जिलों में पांच गुना अधिक कीमत पर बेचता था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जाल बिछाया। जब आरोपी ट्रक से गांजा उतारकर कार में शिफ्ट कर रहे थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ, विजय कुमार, सुभाष सिंह (सभी निवासी हाथरस), तथा उड़ीसा निवासी चन्दन सिंह और चिरंजीव उर्फ टूटू के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि इस गिरोह का एक अन्य सदस्य अंकित मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में टीमें जुटी हैं।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुल 102 किलो 66 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और गिरोह के अन्य नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।














