शिमला, 08 जून।
पर्यटन नगरी शिमला में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। महासू पीक स्थित एक एडवेंचर जोन में सुरक्षा को लेकर सवाल पूछना मध्य प्रदेश से आए एक परिवार को भारी पड़ गया। यहाँ जिप लाइन कर्मचारियों पर पर्यटक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है।
मध्य प्रदेश के अशोक नगर निवासी संकेत जैन सात जून को अपने परिवार के साथ एप्पल गार्डन एडवेंचर जोन पहुंचे थे। संकेत के अनुसार, उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर हुक और बेल्ट की ठीक से जांच करने का विनम्र आग्रह किया था, जिससे वहां मौजूद कर्मचारी भड़क गए।
आरोप है कि कर्मचारी ने पहले तो बदतमीजी की और फिर अपने दो साथियों को भी वहां बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर संकेत और उनके साथ मौजूद यश जैन पर लोहे के हुक और बेल्ट से हमला कर दिया। इस हमले में संकेत के सिर पर गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनके साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दीं। इस घटना के बाद से पर्यटक परिवार काफी सहमा हुआ है।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और घटना के पीछे के सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।














