नगांव (असम), 08 जून।
असम के नगांव जिले के सामगुड़ी स्थित शिवस्थान बाजार में रविवार देर रात लगी भीषण आग ने तबाही मचा दी। इस दुर्घटना में कुल छह दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। अनुमान है कि इस हादसे में व्यापारियों की लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति और सामान राख में तब्दील हो गया है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में व्यापारियों के बीच हड़कंप और दुख का माहौल है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आधी रात के समय अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि उसने देखते ही देखते आसपास की छह दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। वहां रखा लाखों का कीमती सामान पूरी तरह जल गया। हालांकि आग लगने के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, जिसे लेकर जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर काफी देर से पहुंची। लोगों का मानना है कि यदि दमकल की गाड़ी समय पर पहुंच जाती, तो शायद आग पर काबू पाया जा सकता था और नुकसान कम होता।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा आग लगने की सटीक वजहों का पता लगाया जा रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने पीड़ित दुकानदारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिया है।














