आगर-मालवा, 08 जून।
जिले के सुसनेर-जीरापुर मार्ग पर स्थित एक टोल प्लाजा पर काम करने वाले कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मृतक का शव टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम माणा निवासी धर्मेंद्र के रूप में हुई है। धर्मेंद्र रविवार देर रात टोल प्लाजा से कुछ सामान लेने के लिए बाहर निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। कुछ देर बाद वह सड़क किनारे अचेत हालत में मिला।
टोल प्लाजा के अन्य कर्मचारियों ने उसे तुरंत सुसनेर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की।
सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस अब मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि घटना की सही वजह सामने आ सके।













