अखनूर, 08 जून।
जम्मू के अखनूर इलाके में स्थित घन्नी चौकी चौरा में एक व्यक्ति के खुद की ही रिवॉल्वर से घायल होने का मामला सामने आया है। राज कुमार (40) नामक व्यक्ति के अचानक गोली चलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार राज कुमार अपनी रिवॉल्वर संभाल रहा था, तभी उससे अचानक गोली चल गई। गोली सीधा उसके पेट में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
परिजन आनन-फानन में उसे लेकर जम्मू के जी.एम.सी.एच. अस्पताल पहुंचे, जहाँ फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।













