जबलपुर, 08 जून।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में देर रात एक भयावह सड़क हादसा सामने आया है। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के खजरी खिरिया बाईपास पर एक तेज रफ्तार हाईवा ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना रात लगभग दो बजे की है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी हाईवा के नीचे फंस गई और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। घर्षण से निकली चिंगारियों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और वाहनों में आग भड़क उठी।
बाईपास से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने साहस दिखाते हुए युवक को वाहन के नीचे से बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर माढ़ोताल और हनुमानताल पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान की प्रक्रिया और हादसे की विस्तृत जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
सोमवार को पुलिस ने बताया कि चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच चल रही है।














