भोपाल, 11 जून।
राजधानी भोपाल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी, चोरी, मारपीट, सड़क हादसों और अवैध शराब से जुड़े कई मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रातीबड़ थाना क्षेत्र के बरखेड़ी कला से 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। वहीं बागसेवनिया थाना क्षेत्र के तगरी मोहल्ले से 16 वर्षीय एक अन्य नाबालिग बालिका भी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई, जिसकी तलाश जारी है।
बागसेवनिया क्षेत्र में ही घरेलू काम करने वाली एक महिला पर 94 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगा है। मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर ऐशबाग और मंगलवारा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों से दो मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले सामने आए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक ही दिन में सड़क दुर्घटनाओं के छह मामले दर्ज किए गए हैं। अलग-अलग हादसों में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया है।
ईटखेड़ी थाना क्षेत्र में युवती को भगाने के विवाद को लेकर जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की है।
वहीं रातीबड़ क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुर पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर टीटी नगर और कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान बड़ी मात्रा में शराब जब्त की गई और चार लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।










