देहरादून, 11 जून।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर शासन, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति 12 जून को दो दिवसीय प्रवास पर देहरादून पहुंचेंगी और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। उनके आगमन से पहले जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को राष्ट्रपति निकेतन परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचकर 132 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण एवं विकास कार्यों का अवलोकन करेंगी। इस दौरान वे परियोजना की प्रगति और विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त करेंगी।
दौरे के दूसरे दिन 13 जून को राष्ट्रपति भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने दौरे से संबंधित सुरक्षा, बिजली, पेयजल, अग्नि सुरक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं की तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की चूक स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग अपनी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखें।
उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक फिटनेस और क्लियरेंस प्रमाणपत्र समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रपति के आईएमए कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन योजना जारी कर दी है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पिछले वर्ष 20 जून को देहरादून में राष्ट्रपति तपोवन और राष्ट्रपति निकेतन का उद्घाटन किया था। इसी अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला भी रखी थी। अब अपने आगामी दौरे के दौरान वे स्वयं इस महत्वाकांक्षी परियोजना के विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन करेंगी।
निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।











