नई दिल्ली, 11 जून।
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को अचानक मौसम का रुख बदल गया, जहां आसमान में घने बादल छा गए और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी देखने को मिली। मौसम में आए इस बदलाव से भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले कुछ घंटों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।
आईएमडी के अनुसार, आज और 12 जून को मौसम में और अधिक सक्रियता देखने को मिल सकती है। बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और मौसमी परिस्थितियों के कारण क्षेत्र में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। लंबे समय से जारी भीषण गर्मी और लू के बाद यह परिवर्तन राहत देने वाला है, हालांकि तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
पिछले कई दिनों से राजधानी में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब संभावित बारिश और आंधी से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
आईएमडी ने यह भी बताया कि 12 जून को मौसम और अधिक सक्रिय हो सकता है, जब तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। 13 जून को हल्की बारिश और तेज हवाएं जारी रहने की संभावना है, जबकि 14 जून तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।











