गोंडा, 11 जून।
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के करनैलगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में पहले चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाद में इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, हादसा गोंडा-लखनऊ हाईवे पर नारायणपुर मोड़ के पास हुआ, जहां सबसे पहले एक डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में घायल व्यक्ति की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और कुछ लोग घायलों को सड़क पार कर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश कर रहे थे।
इसी दौरान करनैलगंज की ओर से तेज रफ्तार कार ने सड़क पर मौजूद लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे हालात और गंभीर हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर ले जाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
घायलों में से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान 10 वर्षीय बच्चे अंशुमान की भी मौत हो गई। मृतकों में हसन मोहम्मद और इम्तियाज अली सगे भाई थे, जबकि गुलशन और अंशुमान चाचा-भतीजे बताए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) राधेश्याम राय ने बताया कि पुलिस ने कार चालक आबिद और वाहन मालिक शोएब को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सभी मृतक करनैलगंज क्षेत्र के निवासी थे।











