भोपाल, 16 जून।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत के बल पर वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में पिछली बार से अधिक सीटें जीतकर नया इतिहास बनाएगी। उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश हिस्सों में भाजपा और एनडीए की सरकारें जनता के विश्वास, पार्टी की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का परिणाम हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को राजधानी स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित मंडल एवं जिला प्रशिक्षण वर्गों की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, गुजरात के प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर जी तथा पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी. पटेल सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया के कई देश आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं, लेकिन भारत आत्मविश्वास के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रहित और राष्ट्रीय स्वाभिमान को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिसके कारण वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है।
डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है जहां कार्यकर्ताओं को सर्वोच्च महत्व दिया जाता है। यहां पद प्राप्त करने का आधार परिवारवाद या वंशवाद नहीं, बल्कि समर्पण, परिश्रम और संगठन के प्रति निष्ठा होती है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अनेक ऐसे संकल्प पूरे किए हैं जिन्हें लंबे समय तक असंभव माना जाता रहा।
उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने और राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य भी करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष देश के विकास और उपलब्धियों के महत्वपूर्ण पड़ाव रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश समान नागरिक संहिता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस विषय पर महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाले राज्यों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि समान न्याय और समान अधिकार सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रदेश के सभी 62 संगठनात्मक जिलों और 1313 मंडलों में प्रशिक्षण वर्गों का सफल आयोजन संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि उसे व्यवहार और कार्यशैली में उतारना भी है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान कार्यकर्ताओं के दैनिक जीवन और संगठनात्मक कार्यों में दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विचारधारा आधारित संगठन के रूप में भाजपा की शक्ति उसके कार्यकर्ताओं की वैचारिक प्रतिबद्धता में निहित है।
गुजरात के प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर जी ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता और बौद्धिक विकास दोनों में वृद्धि होती है। वहीं पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी. पटेल ने कहा कि सात राज्यों में मध्यप्रदेश का प्रशिक्षण अभियान सबसे बेहतर रहा है और इसकी सराहना शीर्ष नेतृत्व द्वारा भी की गई है।
बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों तथा प्रशिक्षण अभियान से जुड़े विभिन्न पदाधिकारियों ने भाग लिया।














