मध्य प्रदेश
16 Jun, 2026

बारिश से पहले सीहोर में जर्जर मकानों पर कार्रवाई, नगर पालिका ने चलाया अभियान

सीहोर नगर पालिका ने वर्षा ऋतु से पहले शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चिन्हित जर्जर और खतरनाक भवनों को ध्वस्त कर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया है।

सीहोर, 16 जून।

आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा के लिए सीहोर नगर पालिका ने जर्जर मकानों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चिन्हित किए गए खतरनाक और अत्यधिक क्षतिग्रस्त भवनों को नगर पालिका के अमले ने ध्वस्त कर दिया।

नगर पालिका के प्रभारी राजस्व अधिकारी संजय शुक्ला ने बताया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान पुराने और कमजोर भवनों के गिरने की आशंका बनी रहती है, जिससे जनहानि और संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है। इसी जोखिम को कम करने के उद्देश्य से तकनीकी निरीक्षण के बाद जर्जर भवनों को हटाया गया है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले चरखा लाइन क्षेत्र में एक क्षतिग्रस्त मकान के हादसे का शिकार होने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद नगर पालिका ने ऐसे भवनों की पहचान का कार्य तेज किया था, जो आमजन की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं।

अधिकारियों के अनुसार शहर के विभिन्न हिस्सों में कई भवनों को जोखिमपूर्ण श्रेणी में चिन्हित किया गया है। इसी क्रम में हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में लगभग एक दर्जन जर्जर मकानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाया गया।

अभियान के दौरान नगर पालिका के सहायक यंत्री विजय कोली, वैभव लोवनिया, अतिक्रमण प्रभारी तिलक वर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नगर पालिका का कहना है कि भवन स्वामियों को पूर्व में नोटिस जारी कर मरम्मत कराने अथवा भवन हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई नहीं किए जाने पर प्रशासन ने यह कदम उठाया।

नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई खतरनाक भवन या जर्जर मकान दिखाई देता है तो इसकी जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। साथ ही भवन मालिकों से भी समय रहते आवश्यक मरम्मत कराने का आग्रह किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और बारिश के मौसम में संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

|
आज का राशिफल

संतान की ओर से हर्ष के प्रसंग बनेंगे। समय को देखकर कार्य करना ज्यादा हितकर रहेगा। परिश्रम अधिक करना पड़ेगा तभी आप लाभ की आशा कर सकते हैं। कार्य क्षेत्र में पदोन्नति के योग बनेंगे। आलस्य का त्याग करें। पुरुषार्थ का सहारा लें। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेगी। शुभांक-3-6-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़