गाजियाबाद, 16 जून।
गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां सगाई टूटने से नाराज युवक ने अपनी पूर्व मंगेतर के घर में घुसकर गोलीबारी कर दी। इस घटना में युवती और उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार वाल्मीकि चौक स्थित आदर्श नगर में रहने वाली खुशी और उसकी बहन निधि पर आरोपी जॉनी ने फायरिंग की। बताया गया है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले खुशी और जॉनी की शादी तय हुई थी, लेकिन कुछ माह पूर्व दोनों परिवारों के बीच विवाद होने के बाद यह रिश्ता समाप्त कर दिया गया था। इसके बाद से आरोपी नाराज बताया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम आरोपी हथियार लेकर युवती के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने पहले घर की खिड़की का शीशा तोड़ा और फिर अंदर मौजूद दोनों बहनों पर कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना के दौरान खुशी के पेट में गोली लगी, जबकि निधि के जबड़े में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायल युवतियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। खुशी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि निधि का उपचार पूर्वी दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में जारी है।
जांच में सामने आया है कि पीड़ित परिवार किराए के मकान में रहता है। युवती के पिता निजी कार्य करते हैं और परिवार के अन्य सदस्य भी नौकरीपेशा हैं। पुलिस के अनुसार रिश्ते को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और कई स्तरों पर बातचीत के प्रयास भी किए गए थे, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
घटना के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने अपने स्तर से कुछ आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो में किए गए दावों की भी जांच की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














