सरकार व नीतियाँ
16 Jun, 2026

नीट पुनर्परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर कार्रवाई, प्ले स्टोर से हटाया गया ऐप

नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा से पहले कथित धोखाधड़ी और भ्रामक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सरकार ने टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाते हुए उसे गूगल प्ले स्टोर से हटवा दिया है।

नई दिल्ली, 16 जून।

केंद्र सरकार की ओर से लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध के बाद टेलीग्राम ऐप को गूगल प्ले स्टोर से हटा दिया गया है। सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की सिफारिश पर परीक्षा से जुड़ी कथित धोखाधड़ी और भ्रामक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से देशभर में इस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के उपयोग पर 22 जून तक अस्थायी प्रतिबंध लागू किया है। इसके बाद अब एंड्रॉयड उपयोगकर्ता प्ले स्टोर के माध्यम से टेलीग्राम डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं।

प्रतिबंध लागू होने के बाद नए उपयोगकर्ताओं के लिए गूगल के आधिकारिक एंड्रॉयड प्लेटफॉर्म से ऐप डाउनलोड करना संभव नहीं रह गया है। हालांकि, यह ऐप फिलहाल एप्पल के ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। यह कदम 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा से पहले उठाया गया है। सरकार का मानना है कि इससे कथित पेपर लीक, गलत सूचनाओं के प्रसार और नकल से जुड़े नेटवर्क पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

एनटीए के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69ए के तहत निर्देश जारी कर भारत में टेलीग्राम के उपयोग पर सीमित अवधि के लिए प्रतिबंध लगाया है। यह व्यवस्था 22 जून तक प्रभावी रहेगी और परीक्षा अवधि के दौरान लागू रहेगी।

इसके साथ ही टेलीग्राम को 30 जून तक भारत में अपने मैसेज एडिटिंग फीचर को भी निष्क्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं। एनटीए का कहना है कि ये कदम जनव्यवस्था बनाए रखने और उन संगठित धोखाधड़ी समूहों पर नियंत्रण के लिए उठाए गए हैं, जिन पर इस प्लेटफॉर्म के जरिए पुनर्परीक्षा अभ्यर्थियों को गुमराह करने के आरोप लगे हैं। एजेंसी ने सुरक्षित और निष्पक्ष परीक्षा प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए समय पर कार्रवाई करने पर एमईआईटीवाई के प्रति आभार भी व्यक्त किया है।

एनटीए ने भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) की भूमिका का भी उल्लेख किया है, जिसने नीट अभ्यर्थियों को निशाना बनाकर संचालित कथित टेलीग्राम आधारित धोखाधड़ी और भ्रामक सूचनाओं के खिलाफ समन्वित कार्रवाई की है। एजेंसी के मुताबिक, ‘पेपर लीक्ड नीट’, ‘री-नीट 2026’, ‘प्राइवेट माफिया’ जैसे नामों से संचालित कई चैनलों पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की मांग की जा रही थी।

एनटीए ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि किसी भी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है। एजेंसी ने अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि परीक्षा प्रश्नपत्र पहले से उपलब्ध कराने के सभी दावे पूरी तरह भ्रामक और फर्जी हैं।

|
आज का राशिफल

संतान की ओर से हर्ष के प्रसंग बनेंगे। समय को देखकर कार्य करना ज्यादा हितकर रहेगा। परिश्रम अधिक करना पड़ेगा तभी आप लाभ की आशा कर सकते हैं। कार्य क्षेत्र में पदोन्नति के योग बनेंगे। आलस्य का त्याग करें। पुरुषार्थ का सहारा लें। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेगी। शुभांक-3-6-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़