नवादा, 30 जून।
नवादा जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिट्टी से लदे तीन ट्रक और दो हाइवा जब्त किए हैं। नियमों के उल्लंघन के मामले में सभी वाहनों पर कुल 51.61 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
खनन विभाग के निर्देश पर रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली चेकपोस्ट के पास विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई और इसके बाद उनका वजन नजदीकी धर्मकांटा पर कराया गया।
जांच में सभी पांचों वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलते पाए गए। ओवरलोडिंग की पुष्टि होने के बाद वाहनों को जब्त कर जांच चौकी पर खड़ा कराया गया और स्थानीय थाना पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी गई।
खनन विभाग ने सभी वाहनों पर कुल 51 लाख 60 हजार 700 रुपये का जुर्माना लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि रजौली और सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध खनन, ओवरलोडिंग तथा बिना वैध चालान के खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जाएगा। राजस्व की चोरी रोकने और सड़कों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी औचक जांच की जाएगी।




















