कठुआ, 30 जून।
शहर के वार्ड नंबर 4 की लाल टाइल वाली कोठी के पास स्थित एक खाली प्लॉट पिछले 25 वर्षों से स्थानीय निवासियों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। सुरक्षा दीवार न होने के कारण यह जगह अब कचरा फेंकने का मुख्य केंद्र बन गई है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध और अस्वच्छता का माहौल है।
आसपास के लोग बताते हैं कि इस प्लॉट में फेंका गया कूड़ा अक्सर पास की नाली में चला जाता है, जिससे वह अवरुद्ध हो जाती है। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब नाले का दूषित पानी सड़क पर फैल जाता है। इससे संक्रमण फैलने का डर बना रहता है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों का स्वास्थ्य जोखिम में है।
यह खाली जमीन अब आवारा पशुओं का सुरक्षित ठिकाना बन चुकी है। पशुओं की आपसी लड़ाई से न केवल पैदल चलने वालों को चोटें आती हैं, बल्कि यहां खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचता है। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद प्लॉट मालिक द्वारा कोई सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई है।
नगर परिषद के सीईओ ने पूर्व में स्पष्ट आदेश दिए थे कि शहर के सभी खाली प्लॉट मालिकों को चारदीवारी का निर्माण करना अनिवार्य है, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब जनता यह पूछ रही है कि प्रशासन आखिर इन नियमों को कब लागू करेगा, क्योंकि शहर के अन्य हिस्सों में भी ऐसी ही स्थिति बीमारी का बड़ा कारण बनती जा रही है।




















