प्रशासनिक खबरें
01 Jul, 2026

भोपाल : 'साइबर सेफ क्लिक अभियान 2.0' में 500 विद्यार्थियों ने ली सुरक्षा और नशामुक्ति की शपथ

भोपाल में साइबर सेफ क्लिक अभियान 2.0 के तहत आयोजित कार्यक्रम में 500 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई गई।

भोपाल, 01 जुलाई।

भोपाल पुलिस के 'साइबर सेफ क्लिक अभियान 2.0' के तहत बुधवार को सैम ग्लोबल यूनिवर्सिटी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवाओं को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 500 विद्यार्थियों ने शपथ ली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने विद्यार्थियों से डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं, बैंक लोन फ्रॉड और ऑनलाइन जॉब फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि तकनीक का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में यातायात नियमों के पालन और नशे के दुष्प्रभावों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, यातायात अनुशासन और नशामुक्ति का संकल्प लिया।

प्रश्न-उत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। कार्यक्रम में डीसीपी जोन-2 विकास कुमार सहवाल, अतिरिक्त उपायुक्त अपराध शाखा शैलेंद्र सिंह चौहान, एसीपी मिसरोद डॉ. रजनीश कश्यप तथा साइबर क्राइम ब्रांच की टीम भी उपस्थित रही। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़