प्रयागराज, 01 जुलाई।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपित चंदौली जिले में दर्ज गौ-तस्करी के मामले में वांछित था। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चंदौली पुलिस को सौंप दिया गया है।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार के गया जनपद के आसन थाना क्षेत्र के हमजापुर गांव निवासी नुरुल खान के रूप में हुई है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में चंदौली के बबुरी थाने में गौ-तस्करी का मामला दर्ज किया गया था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित वारंटीडीह गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह ट्रक और कंटेनर पर चालक तथा क्लीनर का काम करता था। पुलिस की कार्रवाई और इनाम घोषित होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बिहार में रह रहा था।
एसटीएफ की टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए चंदौली पुलिस के हवाले कर दिया है। मामले में स्थानीय पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।




















