धार, 01 जुलाई।
धार शहर में एक निजी बैंक में कार्यरत महिला ने अपने सहकर्मी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता और आरोपित सुमित शर्मा एक ही निजी बैंक में कार्यरत थे। दोनों पिछले करीब तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। नौकरी के दौरान बातचीत बढ़ने पर दोनों ने अपने-अपने वैवाहिक जीवन से जुड़ी परेशानियां साझा की थीं।
पीड़िता का आरोप है कि सुमित शर्मा ने अपनी पत्नी से अलग होकर उससे विवाह करने का भरोसा दिलाया। इसी विश्वास के आधार पर वह महिला को सुंदरवन कॉलोनी स्थित एक स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में महिला का अपने पति से कानूनी रूप से तलाक भी हो गया।
शिकायत के अनुसार तलाक के बाद महिला ने जब विवाह की बात की तो आरोपित अपने वादे से पीछे हट गया। इसके बाद उसने कथित रूप से निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पट्ठा चौपाटी स्थित आरोपित के घर पर भी उसके साथ जबरदस्ती की गई। इसी दौरान परिजनों ने उसका रिश्ता उत्तर प्रदेश में तय किया, लेकिन आरोपित ने कथित रूप से होने वाले ससुराल पक्ष को दोनों के निजी फोटो भेज दिए, जिससे विवाह नहीं हो सका। लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना से परेशान होकर महिला अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपित सुमित शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।




















