ईटानगर, 01 जुलाई।
अरुणाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का बुधवार को केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और शिवराज सिंह चौहान ने दौरा कर हालात का जायजा लिया। दोनों नेताओं ने पूर्वी सियांग जिले में भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का निरीक्षण किया तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
दौरे के दौरान मंत्रियों ने क्षतिग्रस्त सड़कों, सार्वजनिक ढांचे और अन्य प्रभावित स्थानों का निरीक्षण किया। यह दौरा राज्य के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से किया गया।
मीडिया से बातचीत में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश और पड़ोसी असम में एक ही रात में 200 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज होने के बाद गंभीर बाढ़ की स्थिति बनी। उन्होंने बताया कि सड़क, बिजली और पेयजल व्यवस्था को व्यापक नुकसान पहुंचा है। पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी और केंद्र सरकार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पासीघाट क्षेत्र में तबाही का दायरा काफी बड़ा है। अनेक मकान, घरेलू सामान, कृषि भूमि और सार्वजनिक संपत्तियां प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और अरुणाचल प्रदेश सरकार मिलकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों को आगे बढ़ाएंगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य तथा केंद्र सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगी, ताकि वे इस संकट से जल्द उबर सकें।
पिछले कुछ दिनों से अरुणाचल प्रदेश में लगातार भारी वर्षा, बादल फटने और अचानक आई बाढ़ की घटनाएं सामने आई हैं। केयी पन्योर जिला सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है। इस आपदा में कई लोगों की जान जाने की भी सूचना है।
इससे पहले किरण रिजिजू, शिवराज सिंह चौहान और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
भारी वर्षा के कारण लेखू नदी उफान पर आ गई, जिससे असम के जोनाई क्षेत्र में भी गंभीर बाढ़ की स्थिति बन गई। 100 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं तथा कई मकान, कृषि भूमि और पशुधन जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ का पानी राष्ट्रीय राजमार्ग-515 तक पहुंचने से असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच संपर्क प्रभावित हुआ और सैकड़ों वाहन रास्ते में फंस गए।




















