मुंबई, 01 जुलाई।
भारतीय मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के 29 जिलों के लिए अगले चार दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बीती रात से मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इसका असर लोकल ट्रेन सेवाओं और सड़क यातायात पर भी देखने को मिला है। समुद्र तटीय क्षेत्रों में ऊंची लहरें उठने के चलते मछुआरों और पर्यटकों को समुद्र तट से दूर रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार मुंबई, मुंबई उपनगर, पालघर, रायगढ़, ठाणे, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग सहित कुल 29 जिलों में आगामी चार दिनों तक भारी वर्षा की संभावना है। विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि बारिश का दौर अगले आठ दिनों तक जारी रह सकता है।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में सामान्य तौर पर एक से 30 जून के बीच औसतन 133 मिलीमीटर वर्षा दर्ज होती है, लेकिन इस वर्ष इस अवधि में केवल 52 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बीती रात से तेज बारिश शुरू होने के बाद मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। हार्बर लाइन की सेवाएं लगभग आधे घंटे और मध्य रेलवे की लोकल ट्रेनें करीब 15 मिनट की देरी से संचालित हुईं। नेरुल और वाशी के बीच ओवरहेड वायर टूटने से हार्बर लाइन पर कुछ समय के लिए बाधा आई, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
मुंबई नगर निगम के अनुसार कांदिवली, बोरीवली, मलाड, दहिसर, अंधेरी और गोरेगांव समेत शहर के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। जलभराव के कारण गांधी मार्केट, किंग्स सर्कल, अंधेरी सब-वे और मिलन सब-वे सहित कई स्थान प्रभावित हुए। नगर निगम की टीम ने पंपों की मदद से जलनिकासी का कार्य शुरू कर दिया है।




















