नई दिल्ली, 01 जुलाई।
ईरान ने अपने दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारत के प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं को औपचारिक आमंत्रण भेजा है। आमंत्रित नेताओं में भाजपा और कांग्रेस अध्यक्ष भी शामिल हैं।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को ईरान की ओर से निमंत्रण प्राप्त हुआ है। पार्टी इस संबंध में जल्द आधिकारिक निर्णय की घोषणा कर सकती है। वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को भी आमंत्रण भेजे जाने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक भारत सरकार की ओर से विदेश राज्यमंत्री पवित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन शोक समारोह में भाग लेंगे। भारतीय प्रतिनिधिमंडल 4 जुलाई को तेहरान में आयोजित कार्यक्रम में देश का प्रतिनिधित्व करेगा।
ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम 5 से 9 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे। 4 और 5 जुलाई को तेहरान स्थित इमाम खुमैनी मोसाला प्रार्थना हॉल में श्रद्धांजलि सभाएं होंगी। इसके बाद 6 और 7 जुलाई को तेहरान तथा कोम में अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। समापन कार्यक्रम 9 जुलाई को मशहद में होगा, जहां अयातुल्ला अली खामेनेई को इमाम रजा दरगाह परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
ईरानी मीडिया के अनुमान के अनुसार इन कार्यक्रमों में 1.2 से 2 करोड़ लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए तेहरान में सुरक्षा, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं के विशेष प्रबंध किए गए हैं। खामेनेई 86 वर्ष के थे और लगभग 36 वर्षों तक ईरान के सर्वोच्च नेता रहे।




















