अनूपपुर, 01 जुलाई।
अनूपपुर जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में छह मवेशियों की मौत हो गई। पहली घटना में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन मवेशियों की जान चली गई, जबकि दूसरी घटना में आकाशीय बिजली गिरने से दो गाय और एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात ग्राम डोगरिया कला और पथरोड़ी के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे बैठे तीन मवेशी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में तीनों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार शाम हुई तेज बारिश के कारण आसपास के मैदानों में पानी भर गया था। सूखी जगह की तलाश में कई मवेशी रात के समय हाईवे पर बैठ गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस मार्ग पर सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जिला प्रशासन ने पूर्व में सड़कों पर मवेशियों के जमावड़े को हटाने और पशु मालिकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए थे, लेकिन इनका प्रभाव जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है। इसके चलते हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी से हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
दूसरी घटना अनूपपुर थाना क्षेत्र के औढेरा गांव में हुई, जहां बुधवार को तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान गौशाला के पास आकाशीय बिजली गिरने से दो गाय और एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे और मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम किया गया।




















