पाक्योंग, 01 जुलाई।
गृह मामलों संबंधी संसदीय स्थायी समिति तीन दिवसीय अध्ययन दौरे पर सिक्किम पहुंची है। समिति के अध्यक्ष डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के नेतृत्व में आया प्रतिनिधिमंडल एक से तीन जुलाई तक राज्य में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेगा।
दौरे के दौरान समिति भारत-चीन सीमा पर स्थित नाथूला का भ्रमण करेगी। वहां सदस्य भारतीय सेना के अधिकारियों के साथ चर्चा कर सीमा प्रबंधन, सुरक्षा चुनौतियों, सीमा पार आवागमन, मानव तस्करी की रोकथाम, साइबर एवं संचार संबंधी चुनौतियों, नागरिक-सैन्य समन्वय और सीमा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
इसके अलावा समिति उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक करेगी। बैठक में पीएम-डिवाइन, एनईसी योजनाओं, मिशन सिक्किम ऑर्गेनिक्स तथा केंद्र प्रायोजित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल के आगमन पर रंगपो स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र में गृह विभाग के प्रोटोकॉल अधिकारी डीपी सिलाल और गंगटोक स्थित भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।




















