मंदसौर, 01 जुलाई।
अमृत-2.0 योजना के तहत सीवरेज कार्य के बाद बदहाल पड़ी सड़कों को लेकर बुधवार को शहर ब्लॉक कांग्रेस ने गांधीनगर क्षेत्र में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और पार्षदों ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस का आरोप है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की गई, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार दुरुस्त नहीं किया गया। इसके कारण कई स्थानों पर गहरे गड्ढे, उबड़-खाबड़ सड़कें और निर्माण सामग्री का मलबा पड़ा हुआ है, जिससे आम लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वार्ड क्रमांक-39 के ऋषियानंद वार्ड के मेघदूत नगर, यश नगर और गांधीनगर के अलावा वार्ड क्रमांक-26 के पशुपतिनाथ वार्ड अंतर्गत चंद्रपुरा, सीतामऊ फाटक तथा अन्य क्षेत्रों की सड़कें सीवरेज कार्य के बाद खराब स्थिति में हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बरसात के मौसम में इन गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को अधिक परेशानी हो रही है। ज्ञापन में गांधीनगर क्षेत्र में 28 जून को गड्ढों के कारण हुए एक हादसे का भी उल्लेख किया गया है।
पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि शहर की सभी खोदी गई सड़कों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और तीन से पांच दिनों के भीतर गड्ढों को भरकर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए। इसके साथ ही सीवरेज योजना में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों, संबंधित एजेंसी और ठेकेदार की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।




















