राजगढ़, 01 जुलाई।
राजगढ़ जिले की ब्यावरा शहर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए उस आरोपित को गिरफ्तार किया है, जिसने पांच रुपये के विशेष नोट के बदले 17 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर एक किसान से 3.65 लाख रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 3.24 लाख रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम आलमपुर निवासी अनिल राजपूत के पास पांच रुपये का एक विशेष नोट था, जिस पर ट्रैक्टर का चित्र बना हुआ था। फेसबुक के माध्यम से संपर्क करने वाले आरोपित ने इस नोट के बदले 17 लाख रुपये मिलने का लालच दिया। भरोसा जीतने के बाद उसने अलग-अलग बहाने बनाकर बैंक खातों और डिजिटल माध्यम से किश्तों में कुल 3.65 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
अपनी पूरी जमा पूंजी गंवाने के बाद पीड़ित मानसिक रूप से टूट गया और आत्महत्या करने के इरादे से घर से निकल पड़ा। इसी दौरान ग्राम आलमपुर निवासी बलवंतसिंह सौंधिया ने उसे समझाकर यह कदम उठाने से रोका और अपने साथ ब्यावरा शहर थाने लेकर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों, मोबाइल नंबर, आईएमईआई और डिजिटल लेनदेन के आधार पर राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के मटोरे गांव निवासी जुबेर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 3.24 लाख रुपये नकद और वीवो तथा रियलमी कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त मोबाइलों का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है और साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।
पीड़ित की जान बचाने वाले बलवंतसिंह सौंधिया को पुलिस अधीक्षक ने शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।




















