अपराध
01 Jul, 2026

एसआई पेपर लीक में इनामी कोचिंग संचालक और डेंटिस्ट गिरफ्तार

राजस्थान एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में एसओजी ने दस हजार रुपये के इनामी कोचिंग संचालक और पेपर उपलब्ध कराने वाले डेंटिस्ट को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है।

जयपुर, 01 जुलाई।

राजस्थान एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दस हजार रुपये के इनामी कोचिंग संचालक और उसे पेपर उपलब्ध कराने वाले एक डेंटिस्ट को गिरफ्तार किया है। दोनों पर परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को लीक और सॉल्व पेपर उपलब्ध कराकर चयन कराने का आरोप है। न्यायालय ने दोनों आरोपितों को 4 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। इस मामले में अब तक 149 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

एसओजी की जांच में शाहपुरा स्थित तत्कालीन एमएडी फाउंडेशन कोचिंग के संचालक दिनेश किलका की भूमिका सामने आई। जांच के अनुसार दिनेश ने शाहपुरा निवासी अविनाश पलसानिया से 20 लाख रुपये और सांभर निवासी परमेश चौधरी से 16 लाख रुपये लेकर परीक्षा से पहले सॉल्व पेपर उपलब्ध कराया और उसकी तैयारी कराई। इसके बाद दोनों अभ्यर्थियों का उप निरीक्षक पद पर चयन हुआ। अंतिम मेरिट सूची में अविनाश को 86वीं और परमेश को 180वीं रैंक मिली थी।

जांच एजेंसी दोनों चयनित अभ्यर्थियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अविनाश पलसानिया को 31 अगस्त 2024 और परमेश चौधरी को 23 सितंबर 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद से फरार चल रहे दिनेश किलका पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार तलाश के बाद उसे 29 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में दिनेश किलका ने बताया कि उसने परीक्षा से पहले लीक हुआ सॉल्व पेपर सीकर निवासी राकेश कुमार गुर्जर से 35 लाख रुपये में खरीदा था। उसकी निशानदेही पर एसओजी ने 30 जून को राकेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। राकेश सीकर में रेलवे स्टेशन के पास आर.के. डेंटल क्लीनिक का संचालन करता है।

जांच में यह भी सामने आया कि राकेश कुमार को सॉल्व पेपर पेपर लीक गिरोह के सदस्य अरुण शर्मा के माध्यम से मिला था। अरुण शर्मा को एसओजी पहले ही 11 जुलाई 2024 को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी के अनुसार वह अनिल उर्फ शेरसिंह मीणा गिरोह से जुड़ा था और उसी के जरिए पेपर विभिन्न लोगों तक पहुंचाया गया।

एसओजी दोनों आरोपितों से पेपर लीक सिंडिकेट, करोड़ों रुपये के लेन-देन, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है। दोनों 4 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर रहेंगे। जांच एजेंसी का मानना है कि पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं तथा मामले में नई गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़