चंडीगढ़, 01 जुलाई।
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन में अहम नियुक्तियों का ऐलान करते हुए प्रदेश नेतृत्व में संतुलन साधने की कोशिश की है। पार्टी ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रताप सिंह बाजवा को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद पर बरकरार रखा है। साथ ही विभिन्न गुटों और सामाजिक वर्गों के नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपकर संगठनात्मक असंतोष दूर करने का प्रयास किया गया है।
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी सूची के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। इस समिति में सुखपाल सिंह खैहरा, राणा गुरजीत सिंह और डॉ. धर्मवीर गांधी को सह-अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार रहे विजय इंदर सिंगला को चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस समिति में ओ.पी. सोनी, रजिया सुल्ताना, कुलजीत सिंह नागरा, अंगद सिंह सैनी और भारत भूषण आशु को सदस्य बनाया गया है।
वहीं, डॉ. अमर सिंह को चुनाव घोषणा-पत्र समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में गुरजीत सिंह औजला, परगट सिंह, हरदयाल सिंह कंबोज और सुखबिंदर सिंह सरकारिया को शामिल किया गया है।
पार्टी ने क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए सुखविंद्र सिंह डैनी, राजकुमार वेरका और संगत सिंह गिलजियां को कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इन नियुक्तियों के जरिए कांग्रेस ने माझा, मालवा और दोआबा क्षेत्रों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति अपनाई है।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नए संगठनात्मक ढांचे से विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में समन्वय बढ़ेगा और चुनावी तैयारियों को गति मिलेगी।



















