शिमला, 01 जुलाई।
शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पंजाब के मोहाली से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी शिव चरण महतो ऊपरी शिमला क्षेत्र के करीब 50 लोगों तक नियमित रूप से हेरोइन की खेप पहुंचाता था। यह कार्रवाई ठियोग में चिट्टा बरामदगी के मामले की जांच के दौरान की गई।
पुलिस के मुताबिक 21 जून को ठियोग थाना क्षेत्र के फागू में गश्त के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई थी। जांच में वाहन से करीब नौ ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मौके से फागू निवासी साहिल वर्मा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ और तकनीकी जांच शुरू की गई। मोबाइल फोन और व्हाट्सएप से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड के विश्लेषण में नशे की सप्लाई चेन का पता चला। जांच में सामने आया कि बरामद चिट्टा मोहाली निवासी शिव चरण महतो से लाया गया था, जिसे इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर माना जा रहा है।
इसके बाद शिमला पुलिस की विशेष टीम ने पंजाब के एसएएस नगर, मोहाली में दबिश देकर 29 जून की मध्यरात्रि को शिव चरण महतो को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान साधु महतो के पुत्र शिव चरण महतो निवासी जगतपुरा, एसएएस नगर, मोहाली के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से ऊपरी शिमला क्षेत्र में नशे की आपूर्ति कर रहा था। प्रारंभिक जांच के अनुसार वह करीब 50 लोगों को नियमित रूप से हेरोइन उपलब्ध कराता था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं, नशीले पदार्थ कहां से लाए जाते थे और उनकी आपूर्ति किन क्षेत्रों तक की जाती थी।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। मामले की गहन जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत पूरे सप्लाई नेटवर्क को चिन्हित कर उससे जुड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।




















