नई दिल्ली, 01 जुलाई।
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बुधवार को तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचीं। राजधानी पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री तकाइची का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। बातचीत के उपरांत दोनों देशों के बीच विभिन्न समझौतों का आदान-प्रदान होगा और संयुक्त प्रेस वक्तव्य भी जारी किया जाएगा।
दोपहर में जापान की प्रधानमंत्री बिजनेस फोरम के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। अपनी यात्रा के अंतिम दिन वह स्वदेश लौटेंगी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार भारत-जापान शिखर सम्मेलन दोनों देशों को द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा और उन्हें नई गति देने का अवसर प्रदान करेगा। साथ ही क्षेत्रीय एवं वैश्विक महत्व के साझा मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
यह सनाए तकाइची की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। यह दौरा अगस्त 2025 में टोक्यो में आयोजित 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के बाद हो रहा है।




















