मध्य प्रदेश
01 Jul, 2026

बस किराया बढ़ाने की मांग तेज, परिवहन मंत्री से मिले बस संचालक

भोपाल में मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन ने परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात कर बस किराया बढ़ाने, पंजीयन संकट दूर करने और नई बसों के रजिस्ट्रेशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की।

भोपाल, 01 जुलाई।

मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात कर निजी बस संचालकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में बस किराया बढ़ाने, 2458 बसों के पंजीयन निरस्तीकरण की प्रक्रिया और नई बसों के पंजीयन में आ रही तकनीकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

एसोसिएशन के महामंत्री जय कुमार जैन ने बताया कि बैठक में सबसे पहले उन 2458 बसों का मुद्दा रखा गया, जिनके पंजीयन निरस्त किए जाने के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में बस संचालकों को राहत दिए जाने की आवश्यकता है। इसके साथ ही नई बसों के पंजीयन में तकनीकी कारणों से हो रही देरी का विषय भी मंत्री के समक्ष रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र सरकार के 29 जून 2026 के पत्र और ओडिशा सरकार द्वारा दी गई छूट का हवाला देते हुए मध्य प्रदेश में भी इसी तरह की राहत देने की मांग की।

बैठक में बस किराया बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। एसोसिएशन का कहना है कि डीजल, स्पेयर पार्ट्स, बीमा, रखरखाव और अन्य परिचालन खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन लंबे समय से किराए में कोई संशोधन नहीं हुआ है। इससे निजी बस संचालकों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। संगठन ने यह भी कहा कि किराए में बढ़ोतरी नहीं होने से बसों के रखरखाव पर असर पड़ रहा है, जिसका प्रभाव यात्रियों की सुरक्षा पर भी पड़ सकता है।

एसोसिएशन ने सरकार से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए समय-समय पर किराया पुनरीक्षण की व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया।

महामंत्री जय कुमार जैन के अनुसार परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बस किराया वृद्धि के विषय पर जल्द निर्णय लेने का आश्वासन दिया। साथ ही पंजीयन से जुड़े मामलों में भी आवश्यक समाधान निकालकर बस संचालकों को राहत देने का भरोसा दिलाया।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़