भोपाल, 01 जुलाई।
भोपाल के छोला क्षेत्र स्थित उड़िया बस्ती में नाले की समस्या को लेकर प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने नाले का गंदा पानी घरों में भरने और लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने की शिकायत की। इस पर मंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि करीब दो वर्ष पहले स्वीकृत निर्माण कार्य अब तक पूरा क्यों नहीं हुआ। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने कहा कि स्वीकृत राशि उपलब्ध होने के बावजूद निर्माण कार्य में देरी गंभीर लापरवाही है, जिसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाला निर्माण और समस्या के समाधान के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
स्थानीय रहवासियों ने बताया कि बरसात के दौरान नाले का पानी घरों में भर जाता है, जिससे हर वर्ष भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर लोगों को जल्द राहत दिलाने के निर्देश दिए।




















