अमेठी, 01 जुलाई।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के रणवीरनगर गांव में लापता 19 वर्षीय युवती का शव बुधवार को घर से करीब 200 मीटर दूर खेत के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए।
परिजनों के अनुसार काजल मंगलवार शाम घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को ग्रामीणों ने खेत के पास झाड़ियों में उसका शव देखा और इसकी सूचना परिवार तथा पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि काजल की जानबूझकर हत्या की गई है। मृतका की बहन का कहना है कि गांव के एक युवक से उसकी बातचीत होती थी और वह उसे धमकाता भी था। परिवार ने संबंधित युवक की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य एकत्र करने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।




















