सरकार व नीतियाँ
01 Jul, 2026

आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे, ‘स्वर प्रेरणा वीथिका’ का शुभारंभ

आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने पर नई दिल्ली में ‘स्वर प्रेरणा वीथिका’ का उद्घाटन पंडित हरिप्रसाद चौरसिया ने किया। गैलरी में भारतीय संगीत की 20 महान विभूतियों को सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली, 01 जुलाई।

आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने और वर्ष 2027 में रेडियो प्रसारण के शताब्दी वर्ष की तैयारियों के तहत बुधवार को नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन में ‘स्वर प्रेरणा वीथिका’ नामक विशेष फोटो गैलरी का शुभारंभ किया गया। रंग भवन सभागार में आयोजित समारोह में पद्म विभूषण से सम्मानित प्रख्यात बांसुरी वादक पंडित हरिप्रसाद चौरसिया ने इसका उद्घाटन किया।

यह विशेष गैलरी उन महान संगीतकारों और कलाकारों को समर्पित है, जिन्होंने वर्षों तक आकाशवाणी से जुड़कर भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा को देश-विदेश तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने कहा कि ‘स्वर प्रेरणा वीथिका’ उन कलाकारों के प्रति आकाशवाणी की कृतज्ञता का प्रतीक है, जिनकी बदौलत यह संस्थान भारतीय सांस्कृतिक विरासत का मजबूत माध्यम बना। उन्होंने बताया कि भविष्य में देशभर के आकाशवाणी केंद्रों पर स्थानीय संगीत विभूतियों को समर्पित ऐसी ही गैलरियां विकसित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि आकाशवाणी ने हमेशा भारतीय शास्त्रीय, लोक और भक्ति संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके डिजिटल चैनल ‘रागम’ और ‘आराधना’ के माध्यम से शास्त्रीय और भक्ति संगीत चौबीसों घंटे श्रोताओं तक पहुंचाया जा रहा है।

इस अवसर पर पंडित हरिप्रसाद चौरसिया ने कहा कि आकाशवाणी उनके लिए परिवार के समान है और उनके संगीत जीवन की शुरुआत भी आकाशवाणी के बाल कार्यक्रमों से हुई थी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संस्था आगे भी नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराती रहेगी।

कार्यक्रम में उनके शिष्य पंडित रूपक कुलकर्णी ने बांसुरी वादन की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित श्रोताओं ने खूब सराहा।

‘स्वर प्रेरणा वीथिका’ के प्रथम चरण में 20 प्रतिष्ठित संगीत विभूतियों के चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी, पंडित रवि शंकर, लता मंगेशकर, उस्ताद बिस्मिल्लाह खान, पंडित भीमसेन जोशी और डॉ. भूपेन हजारिका सहित भारतीय संगीत जगत की अनेक महान हस्तियों को स्थान दिया गया है।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़